रंगों से सराबोर हुआ प्रयागराज का बाजार, देर रात तक जमकर हुई खरीदारी
ओजस्वी किरण ब्यूरो
प्रयागराज। होलिका दहन की संध्या पर संगम नगरी के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सिविल लाइंस, चौक, कटरा और लोकनाथ जैसे प्रमुख बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों का तांता लगा रहा, जो शाम ढलते-ढलते भारी भीड़ में तब्दील हो गया।
बाजार में इस बार हर्बल गुलाल और स्मॉग सिलेंडर की भारी डिमांड रही। बच्चों ने जहां बैग वाली पिचकारी और कार्टून कैरेक्टर्स को पसंद किया, वहीं युवाओं में रंग फेंकने वाले नए ‘फॉगिंग सिलेंडर’ का आकर्षण दिखा। टोपियों और होली स्पेशल टी-शर्ट्स की भी खूब बिक्री हुई।
शहर की नामचीन दुकानों पर चाशनी वाली गुझिया, मेवा मिक्सचर और मसाला समोसा खरीदने के लिए लोग कतारों में नजर आए। इसके अलावा, पारंपरिक आलू चिप्स के साथ-साथ इस बार जौ और बाजरे जैसे मोटे अनाजों से बने पापड़ भी लोगों की खास पसंद बने रहे।
बाजारों की स्थिति यह थी कि जवाहर स्क्वायर और कोठापार्चा जैसे इलाकों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची, और व्यापारिक उत्साह देर रात तक बना रहा।

+ There are no comments
Add yours