झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, पुलिस ने अस्पताल भेजा

1 min read

झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, पुलिस ने अस्पताल भेजा

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र में आधी रात एक नवजात बच्ची झाड़ियों में लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने काफी प्रयास किए लेकिन बच्ची के घरवालों का पता नहीं चल सका। बच्ची को अस्पताल भेजा गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया, शनिवार रात दो-तीन ऑटो चालक मंडी के रास्ते जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें लघुशंका के लिए रास्ते में ऑटो रोकना पड़ा। जैसे ही वे सड़क किनारे खड़े हुए, तभी पास की झाड़ियों के अंदर से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ऑटो चालक और उसमें बैठे यात्रियों ने तुरंत मंडी समिति के प्रभारी को इसकी सूचना दी। मंडी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वह अपने गार्ड हौसला निषाद और जयराम के साथ मौके पर पहुंचे। गार्डों ने झाड़ियों में जाकर देखा तो वहां एक नवजात बच्ची पड़ी हुई थी।

इसके बाद मंडी प्रभारी ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी बच्ची को ऑटो से लेकर मेजा रोड चौकी पहुंचे, जहां से उसे इलाज और देखभाल के लिए चिल्ड्रेन हॉस्पिटल भेज दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऑटो चालकों को बच्ची के रोने की आवाज न सुनाई देती, तो ठंड और रात के अंधेरे में उसकी जान को खतरा हो सकता था। फिलहाल मेजा पुलिस का कहना है कि पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात बच्ची को झाड़ियों में छोड़कर जाने वाले लोग कौन थे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours