एसपी कार्यालय में महिला अचानक बेहोश, एसपी दीपक भूकर ने तत्काल अस्पताल भिजवाया
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रतापगढ़। जनपद के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक महिला आवेदन देने के लिए एसपी कार्यालय पहुंची और बढ़ती गर्मी व थकान के कारण अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। बताया जाता है कि महिला अपनी समस्या को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देने आई थी। इसी दौरान तेज धूप और गर्मी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचानक जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने बिना देरी किए अपने स्कॉट वाहन से महिला को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों ने तुरंत महिला को वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।
एसपी दीपक भूकर की इस त्वरित कार्रवाई की लोगों ने सराहना की और इसे मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।

+ There are no comments
Add yours