बदमाशों ने मैरिज लॉन के बाहर देर रात चलाईं बम और गोलियां दो लोग घायल, एक को छर्रे लगे, दो हिरासत में
ओजस्वी किरण ब्यूरो
प्रयागराज। कीडगंज थाना क्षेत्र के बैरहना में मंगलवार आधी रात मैरिज लॉन के बाहर फायरिंग-बमबाजी कर बदमाशों ने सनसनी फैला दी। इसमें रितिक मिश्रा व सतीश पांडेय नाम के दो युवक जख्मी भी हुए हैं। घटना कीडगंज के बैरहना में पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई।
दोनों रात में खाना खाकर लौट रहे थे और इसी दौरान यह वारदात हुई। सरेआम फायरिंग व बमबाजी से दहशत फैल गई। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्लापुर का रहने वाला रितिक अपने दोस्त सतीश के साथ बैरहना में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात एक बजे के करीब वह परिणय गेस्ट हाउस के पास था तभी वहां पहुंचे आधा दर्जन बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाकर भागने पर दौड़ा- दौड़ाकर पीटा और इसके बाद असलहों से फायरिंग की। साथ ही बम भी चलाए।
मैरिज लॉन के बाहर हुई इस घटना से अफरातफरी मच गई। फायरिंग व बमबाजी से इलाका दहल उठा। आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे तो हमलावर असलहे लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंची और फिर दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। चर्चा रही कि रितिक को छर्रे लगे हैं, हालांकि पुलिस ने इससे इंकार किया। बताया कि उसे मारपीट में चोटें आई हैं।
पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि हमलावरों में विभव प्रताप और आशुतोष के अलावा उनके अन्य साथी शामिल हैं। आशुतोष सांगीपुर प्रतापगढ़ का रहने वाला है और इससे पहले भी उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसीपी कर्नलगंज राजीव कुमार यादव ने बताया कि रात में ही नाकेबंदी कराई गई। कुछ ही घंटो बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में जो अज्ञात आरोपी हैं, उन्हें चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours