दो गुटों के विवाद में आधी रात तड़तड़ाईं गोलियां,फायरिंग से दहशत, दो युवक गोली लगने से घायल
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के मालवीय नगर में दो गुटों के विवाद में गुरुवार आधी रात जमकर बवाल हुआ। यहां मारपीट के बाद फायरिंग की गई। इसमें गोली लगने से दो लोग जख्मी हो गए। इनमें से एक थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद की वजह स्पष्ट नहीं है। पुरानी रंजिश से लेकर जुए के विवाद तक की चर्चा है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात 12 बजे के करीब मालवीय नगर मोहल्ले में हुई। यहां रहने वाला सक्षम द्विवेदी हिस्ट्रीशीटर है। उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। वह अपने साथी रवि पंडा के साथ किसी शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान वहां दारागंज के रहने वाले कुछ युवक पहुंच गए। दोनों गुट आमने सामने हो गए और इसके बाद वहां पहले गाली गलौज और फिर हाथापाई होने लगी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि एक गुट ने फायरिंग कर दी। इसमें गोली लगने से सक्षम व रवि जख्मी हो गए। दोनों लहुलुहान होकर चीखने लगे। उधर फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग निकले तो हमलावर धमकाते हुए भाग निकले।
सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया गया। विवाद की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मौके पर दोनों गुटों की पुरानी रंजिश से लेकर जुए तक की चर्चा रही। यह भी चर्चा है कि एक गुट मोहल्ले में ही जुए की फड़ लगवाता है और रोजाना यहां बड़े पैमाने पर जुआरियों का जमावड़ा होता है। दोनों गुटों में इसी को लेकर तनातनी थी और इसे लेकर पहले भी उनके बीच विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस अफसरों ने जुए के विवाद की बात सामने आने से इंकार किया है।
डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि रात में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें दो लोग छर्रे लगने से जख्मी हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है। विवाद स्पष्ट नहीं है लेकिन यह प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि उनके बीच पुरानी तनातनी थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

+ There are no comments
Add yours