गुमटी में लगी आग, 80 हजार का माल राख
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। कोतवाली थाना क्षेत्र के जीरो रोड में रविवार रात उस समय अफरातफरी फैल गई जब एक दुकाननुमा गुमटी धू-धूकर जलने लगी। आसपास के लोगों ने सूचना दी तो परिवारवाले और फायर ब्रिगेड पहुंची। हालांकि जब तक आग पर काबू पाया जाता, गुमटी पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी। साथ ही इसमें रखा 70 से 80 हजार का माल भी आग की भेंट चढ़ गया। फिलहाल यह पता नहीं चल सका कि आग कैसे लगी। पीड़ित की ओर से कोतवाली थाने में तहरीर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेंद्र गुप्ता बादशाही मंडी जीरो रोड के रहने वाले हैं। पिछले 30 सालों से वह हाटकेश्वर मंदिर के पास गुमटी में पर्स-बेल्ट इत्यादि बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 12 मार्च की सुबह मैं निजी कार्य से दिल्ली चला गया था। इस दौरान गुमटी जैन विद्यालय वाली गली में सुरक्षित तरीके से खड़ी कर दी थी। 15 मार्च की रात 11 बजे सूचना मिली कि गुमटी में आग लग गई है। मैंने इसकी सूचना दी तो बेटी रुपाली मौके पर पहुंची। रात में एक बजे के करीब जब वह पहुंची तो देखा कि गुमटी में राख पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।
उधर रुपाली का कहना है कि गुमटी में आग अपने आप नहीं लगी बल्कि आग लगाई गई है। उसने बताया कि गुमटी में इलेक्ट्रिसिटी नहीं है। इमरजेंसी लाइट है और वह भी घटना के वक्त गुमटी में नहीं थी। फायर ब्रिगेड अफसरों का कहना है कि रात 12:25 पर सूचना मिली थी। जब तक आग पर काबू पाया जाता, गुमटी जल चुकी थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours