दैवीय आपदा से बचाव के बारे में चलायें जागरूकता कार्यक्रम : दैवीय आपदा प्रबन्धन जांच समिति
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की ‘‘दैवीय आपदा प्रबन्धन जांच समिति’’ के सभापति के सभापतित्व में समिति की बैठक आयोजित
समिति ने आपदा से प्रभावित लोगो को शीघ्रता से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने जाने के लिए कहा
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की ‘‘दैवीय आपदा प्रबन्धन जांच समिति’’ के सभापति लालजी प्रसाद निर्मल के सभापतित्व एवं समिति के सदस्य मानसिंह यादव, हंसराज विश्वकर्मा की उपस्थिति में सोमवार को सर्किट हाउस, प्रयागराज में जनपद प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ एवं फतेहपुर के अधिकारियों के साथ समिति की बैठक सम्पन्न हुईं। बैठक में सभापति ने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को समिति के द्वारा दिए गए निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन करने एवं वांछित सूचनाएं समय से उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि समिति की बैठक में सम्बंधित विभाग के अधिकारी अनिवार्य रूप से स्वयं उपस्थित रहे।
बैठक में समिति के द्वारा राजस्व विभाग, ऊर्जा विभाग, नगर विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, वन विभाग, कृषि विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, आयुष विभाग, पंचायतीराज विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, गृह विभाग, सूचना विभाग, शिक्षा विभाग एवं खनन विभाग के वर्ष-2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 में दैवीय आपदा से सम्बंधित विषयों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उन्होंने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को सरकार के द्वारा दैवीय आपदा से पीड़ित व्यक्तियों को उपलब्ध कराये जाने वाली अनुमन्य सहायता को समय से उपलब्ध कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि दैवीय आपदा से बचाव के उपायों के बारे में व्यापक जन जागरूकता अभियान संचालित किया जाये, जिससे कि लोगो को दैवीय आपदा से बचाव के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके एवं दैवीय आपदा के समय अपना बचाव कर सके। उन्होंने लू, वज्रपात, भारी वर्षा, शीतलहर, बाढ़, सर्पदंश सहित अन्य दैवीय आपदा से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने के लिए कहा है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा।
इस अवसर जिलाधिकारी प्रतापगढ़ शिव सहाय अवस्थी, समिति अधिकारी संजय कुमार, समीक्षा अधिकारी विवेक सिंह, वृत्त लेखक बृजेश, अपर निजी सचिव अभिनय व अन्य जनपदों के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours