साइबर हमलों से निपटने के लिए रेलवे में लागू होगा सिस्टम आईआर-एसओसी
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। रेलवे बोर्ड ने ‘इंडियन रेलवे सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर’ परियोजना को उत्तर मध्य रेलवे समेत देशभर में लागू करने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के माध्यम से रेलवे ने अपने डिजिटल नेटवर्क और डाटा को साइबर खतरों से सुरक्षित करने के लिए बड़ा निर्णय लिया है।
रेलवे बोर्ड के सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) हरि शंकर वर्मा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार यह परियोजना रेलवे के सभी प्रमुख नेटवर्क और डिजिटल सिस्टम को कवर करेगी। इसमें महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म शामिल हैं, जिन पर रेलवे का संचालन निर्भर करता है। परियोजना के तहत दो-स्तरीय सुरक्षा ढांचा तैयार किया जाएगा। रेलवे बोर्ड स्तर पर एक केंद्रीय सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर स्थापित होगा, जबकि देशभर के विभिन्न जोनल रेलवे और इकाइयों में 26 सब-एसओसी बनाए जाएंगे।
इससे रीयल-टाइम मॉनिटरिंग और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सकेगी। इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भारती एयरटेल लिमिटेड को सौंपी गई है। इसके तहत एंटी-वायरस, लॉग कलेक्शन, रीयल-टाइम मॉनिटरिंग, एसेट डिस्कवरी, इंसिडेंट डिटेक्शन और पैच मैनेजमेंट जैसे आधुनिक सुरक्षा समाधान लागू किए जाएंगे। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि इस परियोजना का कार्य 31 मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। साथ ही अधिकारियों को एचआरएमएस पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करने को कहा गया है। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बोर्ड के निर्देशों के तहत टॉस्क पूरा किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours