आईसीआई बैंक और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के बीच हुआ एमओयू, टीईटी-2026 भुगतान प्रक्रिया होगी आसान
‘ईज़ीपे क्लासिक’ गेटवे से पंजीकरण शुल्क जमा होगा तेज और सुरक्षित, अभ्यर्थियों के लिए सहायता केंद्र और समन्वय प्रबंधक की सुविधा
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग एवं आईसीआई बैंक के मध्य बुधवार को एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर संपन्न हुए। यह एमओयू, आयोग के प्रयागराज एलनगंज स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संपन्न हुआ, जिसमें आयोग के सचिव एवं बैंक के अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए तथा अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार एवं बैंक के आंचलिक प्रमुख समित विजय द्वारा समझौता ज्ञापन का औपचारिक आदान-प्रदान किया गया।
इस एमओयू के अंतर्गत आईसीआई बैंक द्वारा आयोग को उन्नत डिजिटल भुगतान समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। बैंक द्वारा “ईज़ीपे क्लासिक” नामक भुगतान गेटवे सेवा को सफलतापूर्वक एकीकृत किया गया है, जिसके माध्यम से शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2026 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पंजीकरण शुल्क का संग्रह अब अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित तरीके से किया जा सकेगा।
अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार ने कहा कि यह साझेदारी अभ्यर्थियों के लिए पारदर्शी, सुरक्षित और कुशल भुगतान प्रणाली उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल आवेदन प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि डिजिटल लेनदेन को भी बढ़ावा मिलेगा। बेहतर समन्वय एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंक द्वारा एक समर्पित समन्वय प्रबंधक की भी नियुक्ति की गई है, जो आयोग के साथ तालमेल स्थापित करते हुए सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करेगा।
समझौते के तहत अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भुगतान से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समर्पित सहायता केंद्र सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा लैंडलाइन एवं मोबाइल दोनों माध्यमों पर प्रातः 09:30 बजे से सायं 06:30 बजे तक संचालित रहेगी, जिससे भुगतान विफलता अथवा विलंब जैसी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

+ There are no comments
Add yours