एसआरएन के डिस्प्ले बोर्ड में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक का मोबाइल नंबर हुआ चस्पा
ड्यूटी पर तैनात डाक्टर एवं अन्य स्टाफ का मिलेगा विवरण, तीमारदारों को पता चलेगा मौके पर कौन स्टाफ है मौजूद
ओजस्वी किरण ब्यूरो
प्रयागराज। जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से किए जा रहे लगातार निरीक्षण का असर अब स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में दिखने लगा है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को पारदर्शी एवं मरीजों के लिए सुलभ व्यवस्था बनाने के लिए ट्रामा सेंटर में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इस पहल से अव्यवस्थाओं पर लगाम एवं मरीजों को बेहतर एवं समय पर इलाज मिलने की उम्मीद। नए बदलाव के तहत ट्रामा सेंटर के डिस्प्ले बोर्ड पर अब ड्यूटी पर तैनात डाक्टर, फार्मासिस्ट, नर्स और अन्य स्टाफ का पूरा विवरण प्रदर्शित किया जाने लगा है। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को यह स्पष्ट रहेगा कि मौके पर कौन सा स्टाफ मौजूद है। अस्पताल प्रशासन ने एक और बड़ा कदम उठाते हुए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. नीलम सिंह का मोबाइल नंबर भी वोर्ड पर लिखवा दिया गया है। इससे अब यदि किसी मरीज को इलाज एवं जांच में कोई असुविधा होती है, तो वह सीधे अधीक्षक से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
बतादें कि ट्रामा सेंटर में प्रतिदिन ३०० से अधिक मरीज उपचार के लिए आते हैं, जिनमें से अधिकांश की स्थिति गंभीर होती है। अक्सर जांच और इलाज को लेकर मरीजों को भटकना पड़ता था एवं शिकायत के लिए सही प्लेटफार्म नहीं मिल पाता था। प्रशासनिक सख्ती के वाद हुई इस नई पहल से अव्यवस्थाओं पर लगाम लगने और मरीजों को आसानी एवं समय पर इलाज मिलने की उम्मीद जगी है।

+ There are no comments
Add yours