महिला से दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस पर रिपोर्ट न दर्ज करने का आरोप

1 min read

महिला से दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस पर रिपोर्ट न दर्ज करने का आरोप

ओजस्वी किरण ब्यूरों 

प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाया है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि यह घटना बीती 22 मार्च को दोपहर मांडा के एक गांव में हुई। पीड़िता घास काटने के लिए खेत में गई थीं, तभी गांव का एक व्यक्ति अपने दो साथियों के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। मुख्य आरोपी ने महिला का मुंह दबाकर उन्हें जमीन पर पटक दिया और उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।

महिला ने किसी तरह खुद को बचाया। उसी दौरान गांव की कुछ अन्य लड़कियां भी मौके पर पहुंच गईं, जिससे आरोपी वहां से भाग गए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था। भागते समय आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो वह उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसा देगा और जान से मार देगा।

पीड़िता ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने और थाने के एक दरोगा पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पीड़िता अपनी आपबीती बताते हुए न्याय और कार्रवाई की गुहार लगा रही हैं। मेजा एसीपी एस पी उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours