संगम तट पर गूंजा ‘जय श्री राम’, रामनवमी पर बड़े हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,महंत बलवीर गिरि ने उतारी हनुमानजी की आरती

1 min read

संगम तट पर गूंजा ‘जय श्री राम’, रामनवमी पर बड़े हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,महंत बलवीर गिरि ने उतारी हनुमानजी की आरती

ओजस्वी किरण ब्यूरो 

प्रयागराज। धर्म और आस्था की नगरी संगमनगरी में श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर पूरे विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संगम तट पर स्थित प्रसिद्ध श्रीराम जानकी मंदिर समेत जिले के तमाम मठ-मंदिरों में भगवान राम का भव्य श्रृंगार किया गया। दोपहर होते ही मंदिरों में ‘भय प्रकट कृपाला दीन दयाला…’ के स्वर गूंज उठे और विशेष आरती के साथ प्रभु का जन्मोत्सव मनाया गया। भगवान के मनोहारी दर्शन पाकर भक्त निहाल हो गए।

इस अवसर पर संगम तट स्थित श्री बड़े हनुमान मंदिर को बेहद भव्य तरीके से सजाया गया था। यहाँ हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई और महंत बलवीर गिरि ने वैदिक मंत्रोचार के बीच बजरंगबली की भव्य आरती उतारी। आरती में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े और दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। पूरा संगम क्षेत्र ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। 

सुबह मंगला आरती के साथ ही शुरू हुआ दर्शन पूजन देर शाम तक निरंतर चलता रहा। भक्तों की ओर से मंदिर परिसर में जगह-जगह सुंदरकांड, रामायण पाठ और श्रीरामनाम संकीर्तन के आयोजन किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई और वहां से सीधे नंगे पैर हनुमान जी के दर्शन करने पहुंचे। 

सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल और महिला सिपाहियों की तैनाती की गई थी। मंदिर की बारादरी में भक्तों ने हवन-पूजन किया और घी के दीपक जलाकर भगवान राम से सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours