सड़क हादसे में कार मैकेनिक की मौत, तीन दिन बाद थी बेटी की सगाई
ओजस्वी किरण ब्यूरो
प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में आटाे की टक्कर से कार मैकेनिक की दर्दनाक मौत हो गई। तीन दिन बाद उनकी बेटी की सगाई है। धूमनगंज थाना पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र के रहने वाले शाहिद अंसारी (50) अपनी पत्नी शाहजहां और तीन बेटियों साजिया, रुकसार और आयशा के साथ रहते थे। वह धूमनगंज स्थित एक शोरूम में कार मैकेनिक थे। रोजाना की तरह शुक्रवार शाम वह ड्यूटी से छुट्टी के बाद स्कूटी से वापस अपने घर लौट रहे थे।
ट्रांसपोर्ट नगर के पास पहुंचते ही उन्हें एक ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। वहीं घटना के बाद चालक ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग मोबाइल फोन की मदद से शाहिद अंसारी के घर के लोगों को घटना की सूचना देकर उन्हें अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया। शनिवार पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मौके पर पहुंची धूमनगंज पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाला। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ऑटो के नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुट गई है। वहीं, धूमनगंज थाना प्रभारी धनजंय पांडेय ने बताया कि जल्द ही ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours