डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत

1 min read

डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत

ओजस्वी किरण ब्यूरों 

प्रयागराज। बारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक प्रयागराज से अपने घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय अग्रहरि (25) पुत्र विनय अग्रहरि निवासी बघेडी, थाना चाकघाट, मध्य प्रदेश शनिवार को सुबह प्रयागराज से स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जारी क्षेत्र के गड़ैया के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल डंपर को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।

मृतक विजय अग्रहरि अपने परिवार में दो भाइयों में बड़े थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन को ससुराल छोड़कर घर वापस जा रहे थे। परिवार का जीविकोपार्जन जूते-चप्पल की दुकान से होता है।

हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार विजय की शादी अभी हाल ही में 24 फरवरी 2026 को चित्रकूट जिले के मानिकपुर में हुई थी। शादी के महज कुछ ही दिनों बाद हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours