बड़े हनुमान की एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब,जय श्री राम, जय बजरंग बली के जयकारों से गूंज उठे मंदिर परिसर
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। संगम नगरी में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर अवसर पर बंधवा स्थिति लेटे हुए बड़े हनुमान जी मंदिर एवं सिविल लाइंस के हनुमत निकेतन, दारागंज के संकट मोचन हनुमान, हाई कोर्ट स्थित हनुमान मंदिर, बाल हनुमान मंदिर सहित अन्य हनुमान मंदिरों में भोर होते ही मंदिरों में ‘जय श्रीराम’ और ‘जय-जय हनुमान’ के जयकारे गूंजने लगे। आस्था के प्रमुख केंद्र रहे बंधवा स्थित लेटे हुए बड़े हनुमानजी और सिविल लाइंस के हनुमत निकेतन में भक्तों का भारी जमावड़ा देखने को मिला।
लेटे हुए हनुमान जी का दिव्य महाभिषेक
बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर में उत्सव की शुरुआत भोर में ही हो गई। महंत बलवीर गिरि के सानिध्य में 51 ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चारण के साथ भगवान का भव्य महाभिषेक किया। इस अभिषेक में 31 लीटर दही, 11 किलो शहद, 11 किलो रस और 51 किलो पंचामृत का प्रयोग किया गया। सिंदूर लेपन और विधि-विधान से आरती के बाद जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। शाम को जयपुर से आए विशेष रंग-बिरंगे फूलों से मंदिर का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए किला घाट तक भीड़ जुटी रही।
उत्सव के दौरान जयपुर के राकेश शर्मा और कश्यप बंधुओं ने संगीतमयी सुंदरकांड और भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। देर रात तक भक्त श्री रामचरित मानस और हनुमान चालीसा के पाठ में लीन रहे।
सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन में शाम से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने परिसर में देसी घी के दीपक जलाकर सुंदरकांड का पाठ किया। वहीं, दारागंज के संकटमोचन हनुमान मंदिर में पुजारी कंचन योगेश्वर के नेतृत्व में धार्मिक
संपन्न हुए। इसके अलावा हाईकोर्ट स्थित हनुमान मंदिर, मीरापुर के हनुमान दरबार और सिद्धपीठ बाल स्वरूप हनुमान मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं ने बजरंग बाण और चालीसा का पाठ कर सुख-समृद्धि की कामना की।

+ There are no comments
Add yours