उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग में ‘साधना सप्ताह’ के तहत सामूहिक परिचर्चा आयोजित
शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज में मिशन कर्मयोगी पर विशेष सत्र, कार्मिकों ने लिया संकल्प
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार के निर्देशन में उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज में ‘साधना सप्ताह’ के दौरान सामूहिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। विकसित भारत 2047 की संकल्पना के अंतर्गत क्षमता निर्माण आयोग द्वारा संचालित मिशन कर्मयोगी कार्यक्रम के तहत इस कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को iGOT Karmayogi Portal पर उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों, अधिगम मॉड्यूल्स एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि मिशन कर्मयोगी के माध्यम से सरकारी कार्मिकों की क्षमता एवं दक्षता में व्यापक सुधार लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिक से अधिक पाठ्यक्रम पूर्ण कर अपनी कार्यकुशलता को बढ़ाएंगे।
भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 02 अप्रैल 2026 से 08 अप्रैल 2026 तक आयोजित ‘साधना सप्ताह’ के अंतर्गत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए न्यूनतम 04 घंटे के पाठ्यक्रम पूर्ण करना निर्धारित किया गया है। ‘साधना सप्ताह’ के अंतर्गत एआई से संबंधित न्यूनतम 03 पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को ‘एआई दक्षता बैज’ प्रदान किया जाएगा, जबकि iGOT Marketplace पर उपलब्ध कम से कम 01 पाठ्यक्रम पूरा करने पर ‘कर्मयोगी उत्कर्ष बैज’ दिया जाएगा। साथ ही कम से कम एक एआई कोर्स पूरा करना अनिवार्य रखा गया है।
परिचर्चा में मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत उपलब्ध हजारों ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कौशल उन्नयन, कार्य दक्षता एवं डिजिटल क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। आयोग द्वारा यह भी घोषणा की गई कि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को पुरस्कृत किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours