डिजिटल अरेस्ट कर सेवानिवृत्त महिला से ढाई लाख रुपये की ठगी
ओजस्वी किरण ब्यूरो
प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र के नीम सराय मोहल्ले की एक सेवानिवृत्त महिला को साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट कर 2.55 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोप है कि आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का झूठा आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी का डर दिखाया। धूमनगंज थाना पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। सेवानिवृत्त महिला की तहरीर के मुताबिक, दो मार्च को अनजान व्हाट्सएप नंबर से कॉल करने वाले ने खुद का नाम अजय यादव और एंटी टेरिज्म स्क्वायड लालकिला का इंस्पेक्टर बताया। वह पुलिस की वर्दी पहने हुआ था और उसके पीछे भारतीय तिरंगा भी दिखने से महिला डर गई।
शातिर ने आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए न्यूक्लियर मिसाइलों की फोटो भेजी और तीन आतंकियों के नाम बताते हुए 20 लाख रुपये लेने का बात कही। साथ ही दिल्ली पुलिस द्वारा घर पहुंचकर गिरफ्तारी का डर दिखाया। उनके दबाव में आकर महिला ने छह मार्च को 55 लाख रुपये भेज दिया। लेकिन, शातिर 15 लाख रुपये की मांग करने लगा। किसी तरह महिला ने अपने भांजे से दो लाख रुपये उधार लेकर 19 मार्च को भेज दिया। जबकि, आरोपी ने 24 मार्च को वापस आने का झांसा दिया था।
महिला जब 25 मार्च को बैंक शाखा पहुंची, तो पता चला कि खाते से रुपये वापस नहीं आए हैं। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours