कुमार विष्णुकांत रहे छायाचित्र प्रदर्शनी के विजेता
वास्तुकार प्रज्ञा दरबारी महरोत्रा की स्मृति में एक दिवसीय छाया चित्र प्रदर्शनी का आयोजन
ओजस्वी किरण ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। मंगलवार को हिंदुस्तानी एकेडमी में प्रयास चैरिटेबल ट्रस्ट प्रयागराज की ओर से वास्तुकार प्रज्ञा दरबारी महरोत्रा की स्मृति में एक दिवसीय छाया चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के मुख्य अतिथि बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी रहे। जिन्होंने छाया चित्र प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांस्कृतिक विरासत और उसकी महत्ता को बताया और प्रदर्शनी में लगे छायाचित्रों की प्रशंसा करते हुए छायाकारों आशीर्वाद दिया।
छायाचित्र प्रदर्शनी में 42 छायाकारो ने प्रतिभाग किया और करीब 80 छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया। भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिम्बित करने वाले छायाचित्रों में देश की समृद्ध परंपरा, सांस्कृतिक वैभव और प्राचीन स्मारकों की बोलती तस्वीरों से आज हिंदुस्तानी एकेडमी की गैलेरी जीवंत हो उठी। छायाचित्र प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार कुमार विष्णुकांत, दूसरा पुरस्कार किरन पंजाड़े और तीसरा पुरस्कार अभिषेक कुमार राय को प्रदान किया गया। छायाचित्रों में निर्णायक की भूमिका वरिष्ठ छायाकार एस के यादव ने निभाई और छायाकारों को सम्बोधित करते हुए छायाचित्र की बारीकियां बताई। संस्था की अध्यक्षा मीना दरबारी ने संस्था की जानकारी विस्तार से बताई और संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डी पी सिंह निदेशक टूरिस्ट बंगलो, डॉ शिखा दरबारी आईआरएस आयकर विभाग, जी के खरे पूर्व रेलवे बोर्ड चेयरमैन, पी के सिन्हा, एस बी भार्गव, अनु भार्गव, डॉ पी के गांगुली मेकर्स ऑफ़ यू 3 ए, संजय बनौधा और शिवानी यादव अदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन नीरजा ने किया।

+ There are no comments
Add yours