गड्ढे में मिला 16 घंटे से लापता बच्चे का शव,घर से 100 मीटर दूर गड्ढे में उतराती मिली लाश 

1 min read

गड्ढे में मिला 16 घंटे से लापता बच्चे का शव,घर से 100 मीटर दूर गड्ढे में उतराती मिली लाश 

ओजस्वी किरण ब्यूरों 

प्रयागराज। बारा थाना क्षेत्र के गींज गांव में मंगलवार सुबह घर से लापता हुए 6 वर्षीय मासूम का शव घर से लगभग 100 मीटर दूर पानी से भरे खदान में मिला। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार बारा थाना क्षेत्र के गींज गांव निवासी राजाबाबू पुत्र संजय उर्फ कृष्णा अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता संजय उर्फ कृष्णा गांव में रहकर मजदूरी करते हैं और किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 4 बजे राजाबाबू अचानक घर से लापता हो गया था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद परिजनों ने बारा थाना पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने भी तलाश शुरू कर दी थी।

मंगलवार सुबह करीब 8 बजे गांव के कुछ बच्चे खेलते समय घर के पास स्थित पानी भरे खदान के पास पहुंचे, जहां उन्होंने पानी में एक शव उतराता हुआ देखा। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी गांव वालों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान राजाबाबू के रूप में हुई।

घटना की सूचना मिलते ही बारा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours