स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में नई हिस्टेरोस्कोपी मशीन स्थापित, महिलाओं को मिलेगी बेहतर उपचार सुविधा

1 min read

स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में नई हिस्टेरोस्कोपी मशीन स्थापित, महिलाओं को मिलेगी बेहतर उपचार सुविधा

ओजस्वी किरण ब्यूरो

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में आधुनिक हिस्टेरोस्कोपी मशीन स्थापित कर दी गई है। इस नई सुविधा के शुरू होने से महिलाओं में गर्भाशय संबंधी विभिन्न रोगों की जांच और उपचार अब अधिक सटीक, सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

 

हिस्टेरोस्कोपी एक आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक है, जिसके माध्यम से गर्भाशय के भीतर की स्थिति को सीधे देखा जा सकता है। इससे असामान्य रक्तस्राव, गर्भाशय में पॉलिप, फाइब्रॉयड, चिपकाव (Adhesions), बांझपन तथा अन्य कई स्त्री रोगों का शीघ्र एवं सटीक निदान और आवश्यकतानुसार उपचार संभव हो सकेगा। इससे मरीजों को अनावश्यक बड़ी सर्जरी से राहत मिलेगी, अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि कम होगी तथा मरीजों को शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलेगी।

प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) ए.के. वर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नई हिस्टेरोस्कोपी मशीन की स्थापना महिलाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में भी संस्थान में आधुनिक तकनीकों को शामिल कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अमृता चौरसिया ने कहा कि नई हिस्टेरोस्कोपी मशीन के स्थापित होने से विभाग की डायग्नोस्टिक एवं उपचारात्मक सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी। अब गर्भाशय संबंधी अनेक जटिल समस्याओं का शीघ्र, सटीक एवं कम दर्द वाली प्रक्रिया से उपचार संभव होगा। इससे महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ-साथ अनावश्यक बड़ी सर्जरी की आवश्यकता भी कई मामलों में कम होगी। विभाग का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक महिला मरीज को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours