गौतमपुर के पास चलती ट्रेन से गिरा अज्ञात व्यक्ति, हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
ओजस्वी किरण ब्यूरों सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। लम्भुआ क्षेत्र के गौतमपुर के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात व्यक्ति चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि व्यक्ति ट्रैक के किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर जीआरपी एवं सिविल फोर्स मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में तत्काल जिला अस्पताल रेफर कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार व्यक्ति के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति अचानक ट्रेन से नीचे गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह किस ट्रेन से सफर कर रहा था और गिरने के पीछे की वजह क्या रही। प्रारंभिक तौर पर फिसलने या संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। खबर लिखे जाने तक घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी द्वारा उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं तथा आसपास के थानों और रेलवे स्टेशनों को भी सूचना दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं इस घटना के बाद रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

+ There are no comments
Add yours