सब के पूर्वज सनातनी आर्य वैदिक हिंदू- पुरी शंकराचार्य
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। शंकराचार्य गोवर्धन मठ पुरी ओडिसा स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने कहा कि सब के पूर्वज सनातनी आर्य वैदिक हिंदू हैं। सनातन सिद्धांत प्रमाणित है। शंकराचार्य बुधवार को माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर 4 त्रिवेणी मार्ग स्थित अपने शिविर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान धर्म अध्यात्म एवं राष्ट्र से जुड़े प्रश्नों के उत्तर में पुरी शंकराचार्य ने कहा कि आपस में यदि संघ बल है तो किसी भी स्थिति परिस्थिति से निपटा जा सकता है। हिंदुओं में सुझाव देने की कि ये होना चाहिए वो होना चाहिए आदि की प्रवृत्ति तो है लेकिन उसे क्रियान्वित करने में वे पीछे हट जाते हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवारों का विघटन होना व शास्त्र सम्मत वैवाहिक परंपराओं से दूरी बनाना अवसाद का कारण बनता जा रहा है।
शंकराचार्य ने कहा कि युवाओं को अवसाद में आत्मघाती कदम नहीं उठाना चाहिये बल्कि धैर्य व तालमेल के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। परिवार के प्रति सृजनात्मक सोच रखें। बच्चों को सनातन संस्कृति परंपरा से जोड़ने की जरूरत है। सरकारों द्वारा सिर्फ गौ रक्षा की बात करने से कुछ नहीं होगा उस दिशा में ठोस कदम भी उठाना चाहिए।
इस अवसर पर शंकराचार्य के निजी सचिव स्वामी निर्विकल्पानंद सरस्वती, आचार्य विवेक मिश्र वृंदावन, प्रफुल्ल चैतन्य ब्रह्मचारी, हृषिकेश ब्रह्मचारी, राजेश चैतन्य ब्रह्मचारी, कैलाश प्रकाश ब्रह्मचारी, राम कैलाश पांडेय, उमेश शुक्ला आदेश भूषण पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे

+ There are no comments
Add yours