अतीक, अशरफ और असद की कब्रों पर चढ़े फूल अंधेरे में चोरी-छिपे आए करीबी, फातेहा पढ़ने नहीं पहुंचे बेटे
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। शब-ए-बारात पर जहां दूसरे कब्रिस्तान रोशनी से जगमग रहे। वहीं माफिया अतीक अहमद, अशरफ और उसके बेटे अशद की कब्र अंधेरे में डूबी रही। हालांकि देर रात चोरी छिपे कुछ रिश्तेदार और करीबी लोग तीनों की कब्र पर फूल चढ़ाने पहुंचे। जबकि अतीक के दोनों बेटे अहजम और अबान फातेहा पढ़ने नहीं आए। अतीक की पत्नी शाइस्ता, अशरफ की पत्नी जैनब, बहन आयशा नूरी समेत अन्य सगे रिश्तेदारों का कुछ पता नहीं चला।
ज्ञात हो कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद 13 अप्रैल 2023 को अतीक के तीसरे नंबर के बेटे असद को यूपी एसटीएफ ने झांसी में मुठभेड़ में मार गिराया था। जबकि 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में अतीक अहमद और उसके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद तीनों के शव शहर के कसारी मसारी कब्रिस्तान में दफनाया गया था।
कुछ रिश्तेदार सुबह सुबह कब्रों पर पहुंचे ताकि वह चर्चा में न आ सकें। हालांकि रात में कब्रिस्तान में कुछ युवक निगरानी करते नजर आए कि कोई वहां का वीडियो बनाकर वायरल न करें। कुछ लोगों ने कैमरा निकाला तो युवकों ने उनका ही वीडियो बनाना शुरू कर दिया। अतीक का सबसे बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में बंद है। दूसरे नंबर का बेटा अली झांसी जेल में बंद है। दो बेटे अहजम और अबान प्रयागराज के हटवा इलाके में रह रहे हैं। हालांकि पढ़ाई के सिलसिले में इन दिनों दिल्ली में हैं।

+ There are no comments
Add yours