पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर ठगे 85 लाख,
धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। सोरांव थाना क्षेत्र में में एक पेट्रोल पंप के सौदे को लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सेवक यादव नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उन्हें पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर राजेंद्र कुमार यादव ने 85 लाख रुपये की ठगी की है। इस संबंध में सोरांव थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पं. मुल्ला कॉलोनी, प्रयागराज के निवासी सेवक यादव ने बताया कि उनकी मुलाकात प्रीतम नगर कॉलोनी, प्रयागराज के रहने वाले राजेंद्र कुमार यादव से हुई थी। राजेंद्र यादव ने उन्हें ग्राम पडरैया, सोरांव स्थित अपना पेट्रोल पंप ‘मेसर्स गया प्रसाद फिलिंग स्टेशन’ बेचने की पेशकश की थी। दोनों के बीच डेढ़ करोड़ रुपये (1.5 करोड़) में सौदा तय हुआ था। समझौते के अनुसार सेवक यादव ने 1 जुलाई 2025 को राजेंद्र यादव को 85 लाख रुपये का भुगतान किया। इस भुगतान का विवरण नोटरी स्टैंप पेपर पर दर्ज किया गया है। इकरारनामे के अनुसार, राजेंद्र यादव को तीन महीने तक पार्टनरशिप में रहना था और इसी अवधि के भीतर पंप की कागजी कार्यवाही पूरी करके उसे सेवक यादव के नाम हस्तांतरित करना था।
सेवक यादव ने बताया कि तीन महीने बीत जाने के बाद राजेंद्र यादव की नीयत बदल गई। जब सेवक यादव ने पंप के हस्तांतरण की बात की, तो राजेंद्र यादव ने पंप देने से इनकार कर दिया और अपशब्द कहे। विनम्रता से बात करने पर भी राजेंद्र यादव के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। सेवक यादव ने आरोप लगाया है कि राजेंद्र यादव ने उन्हें धमकी दी कि यदि वे पंप पर आए तो जान से हाथ धो बैठेंगे। उन्होंने कथित तौर पर पूरे परिवार को खत्म करवाने की धमकी भी दी और कहा कि पुलिस भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी। इसके अतिरिक्त, पंप पर मौजूद कुछ लोगों और राजेंद्र यादव के मित्रों ने भी सेवक यादव को धमकाया है कि यदि वे वहां आए तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे और वे पंप व पैसे भूल जाएं।
इस मामले में थाना प्रभारी सोरांव केशव वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और गुण-दोष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours