सुमधुर गीतों से याद की गईं पूर्वाचार्य स्व. सुश्री स्वप्ना पॉल
पूर्वाचार्य स्व. सुश्री स्वप्ना पॉल की स्मृति में प्रो. स्वतंत्र बाला शर्मा के व्याख्यान सह प्रदर्शन का आयोजन
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। संगीत विभाग, जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज द्वारा आज एक विशिष्ट व्याख्यान सह प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की भूतपूर्व आचार्य स्व. सुश्री स्वप्ना पॉल की स्मृति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अतिथि वक्ता के रूप प्रो. स्वतंत्र बाला शर्मा -भूतपूर्व कुलपति, राजा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय ग्वालियर म.प्र. एवं भूतपूर्व अध्यक्ष, संगीत एवं प्रदर्शन कला विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज ने नयी शिक्षा नीति और संगीत विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी तथा उनका ज्ञानवर्धन कर मार्गदर्शन किया।
प्रारंभ में आपने मंगल गीत सुनाया तत्पश्चात अल्हैया बिलावल में छोटा ख्याल सुनाया। इसके अतिरिक्त आपने राग बिहागड़ा, राग यमन, राग नंद तथा राग गुणकली में भी सुमधुर बंदिशें सुनायीं।
कार्यक्रम का प्रारंभ माँ सरस्वती तथा सुश्री स्वप्ना पॉल चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ। तत्पश्चात प्राचार्या प्रो. अशिमा घोष ने मुख्य अतिथि वक्ता तथा सभी का स्वागत करते हुए कहा कि एक ऐसी शिक्षिका जिन्होंने अपना पूरा जीवन संगीत को समर्पित किया उनकी स्मृति में ऐसा आयोजन अवश्य करना चाहिए।
इसके बाद संगीत विभाग की अध्यक्षा प्रो. नंदिनी मुखर्जी ने सुश्री स्वप्ना पॉल का परिचय दिया। धन्यवाद ज्ञापन सुश्री संगीता सहगल ने किया तथा कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. अंकिता चतुर्वेदी ने किया।
उक्त कार्यक्रम में संगीत विभाग से डॉ. नम्रता देब के अतिरिक्त महाविद्यालय के अन्य शिक्षक गण प्रो. अर्चना पॉल, प्रो. शिखा दीक्षित, प्रो० मीनाश्री यादव, प्रो. काजल देब, डॉ. शालिनी सिंह, डॉ. विजयालक्ष्मी, डॉ. ऐश्वर्य सिंह, डॉ. रुपम मिश्रा, डॉ. अंजलि शिवहरे, डॉ. निर्मला गुप्ता तथा छात्राएं उपस्थित रहीं।

+ There are no comments
Add yours