विदेश भेजने के नाम पर पौने तीन लाख की ठगी,फर्जी टिकट और वीजा से हुआ खुलासा
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर एक युवक से पौने तीन लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने युवक को फर्जी वीजा और एयर टिकट थमा दिया। लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट पकड़ने के दौरान उसे ठगी का पता चला, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊआइमा क्षेत्र के रामनगर गंसियारी निवासी अरुण कुमार मौर्य पुत्र रामचंद्र मौर्य ने आरोप लगाया है कि कुछ समय पहले सोरांव कस्बा मेला मैदान निवासी एक युवक से उसकी जान पहचान हुई थी। उस युवक ने उसे विदेश में नौकरी दिलवाने और जल्द वीजा व एयर टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा देकर पौने तीन लाख रुपये ले लिए।
अरुण ने जिले के उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की है। उनका कहना है कि जालसाजों ने सोरांव में बाकायदा एक ऑफिस भी खोल रखा है, जहां कई अन्य युवकों को भी विदेश भेजने के नाम पर ठगा गया है। जालसाज ग्राहकों को अच्छी नौकरी का झांसा देकर पैसे ऐंठते हैं और फर्जी वीजा-पासपोर्ट दे देते हैं। कुछ पीड़ितों को थोड़ा-थोड़ा पैसा वापस करने की बात कहकर लौटाया जा रहा है।
जब अरुण कुमार मौर्य अपने पैसे मांगने एजेंट के पास गए, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह काफी डरे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, जालसाज सोरांव कस्बे का ही निवासी है और कई बेरोजगार युवकों को अपना शिकार बना चुका है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सोरांव केशव वर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours