जिलाधिकारी ने तहसील फूलपुर पहुंचकर तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया

1 min read

जिलाधिकारी ने तहसील फूलपुर पहुंचकर तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया

फाइलों के निस्तारण में शिथिलता बरतने पर उपजिलाधिकारी फूलपुर से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के दिए निर्देश

सब-रजिस्ट्रार फूलपुर के निरीक्षण के समय उपस्थित न रहने पर उनका वेतन रोके जाने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से रखे जाने के लिए दिए निर्देश

 ओजस्वी किरण संवाददाता

 प्रयागराज फूलपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को तहसील फूलपुर पहुंचकर तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं उप निबंधक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिये हैं। जिलाधिकारी के द्वारा उप निबंधक कार्यालय फूलपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सब-रजिस्ट्रार फूलपुर के उपस्थित न रहने पर उनका वेतन रोके जाने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। इसके पूर्व में भी जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पायी गयी थी। उन्होंने फाइलों के निस्तारण में शिथिलता बरतने पर उपजिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उन्होंने तहसील परिसर में स्थित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार के कार्यालय, अभिलेखागार सहित अन्य कार्यालयों एवं पटल का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्यों, अभिलेखों का रख-रखाव, पत्राचार, पुराने प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था और कार्मिकों की कार्यप्रणाली की जांच करते हुए कड़े निर्देश दिये हैं।

जिलाधिकारी के द्वारा फूलपुर तहसील में उपजिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी न्यायिक, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के कोर्ट, अभिलेखागार सहित अन्य कक्षों में फाइलों को व्यवस्थित ढंग से रखे जाने, आर्डर सीट को क्रम से लगाने तथा उनके अच्छे ढंग से रख-रखाव के कड़े निर्देश दिए है। उन्होंने उपजिलाधिकारी न्यायिक कक्ष में फाइलों के अद्यतन न पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सभी कोर्टो में अत्यधिक संख्या में लम्बित फाइलें पाये जाने पर बेहद कड़े तेवर में उन्होंने पुराने समय से लम्बित सभी प्रकरणों में नियमित सुनवाई करते हुए उन्हें प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने 5 वर्ष व 3 वर्ष से से अधिक समय से लम्बित कई पुरानी फाइलों को निकलवाकर उनके सुनवाई तथा निस्तारण की स्थिति को देखा एवं सम्बंधित प्रकरणों को एक साथ सूचीबद्ध करते हुए नियमित सुनवाई पर लगाकर प्रकरणों को प्राथमिकता पर जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने अंश निर्धारण, वरासत, धारा-32/38, धारा-24 आदि से सम्बंधित अविवादित प्रकरणों में सम्बंधित पक्षों की सुनवाई करते हुए तत्काल निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया है।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से उनसे सम्बंधित कार्यों के बारे में जानकारी ली और सभी सम्बंधित अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी फूलपुर से सभी पुराने लम्बित प्रकरणों को नियमित सुनवाई करते हुए प्राथमिकता पर निस्तारित करने के लिए कहा है। उन्होंने अभिलेखागार में पुराने अभिलेखों को व्यवस्थित करते हुए उनकी टेपिंग/बाइडिंग कराकर उन्हें सुरक्षित ढंग से रखे जाने के लिए निर्देश दिए है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से कार्यालयी अनुशासन और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं यदि किसी अधीनस्थ के द्वारा कार्यों में लापरवाही या उदासीनता बरती जाये, तो उसके विरूद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने तहसील परिसर साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी पटल सहायकों को समय से उपस्थित होने तथा उनसे सम्बंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयसीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी फूलपुर जूही प्रसाद, जिला विकास अधिकारी  जी0पी0 कुशवाहा, तहसीलदार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours