क्रांतिकारी की ‘बमतुल बुखारा’ देख जोश से भरे विद्यार्थी, आजाद पार्क में गूंजे देशभक्ति के नारे
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। युवा कार्यकम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के अंतर्गत रामपुर के 40 विद्यार्थियों का समूह रविवार को इलाहाबाद संग्रहालय पहुंचा। ऐतिहासिक चंद्रशेखर आजाद पार्क (पूर्व में अल्फ्रेड पार्क) के भ्रमण पर आए विद्यार्थियों के लिए वह क्षण अत्यंत रोमांचकारी रहा, जब उन्होंने भारत के महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की असली पिस्तौल को अपनी आंखों के सामने देखा।
डॉ. सुशील कुमार ने विद्यार्थियों को कई गैलरी में प्रदर्शित कलाकृतियों, उसके सांस्कृतिक महत्व और इतिहास निर्माण में योगदान के विषय में जानकारी दी। विद्यार्थियों के बीच दो हजार वर्ष प्राचीन पेट के ऑपरेशन का मृण मॉडल, डेढ़ लाख वर्ष पुराने जंगली भैंसे का सर व सेंगोल की प्रतिकृति आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर डॉ. कुमार ने कहा कि अतीत से सबक लेकर वर्तमान संभालना देश की एकता व अखंडता को सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। भ्रमण का उद्देश्य युवाओं के मध्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान, परस्पर समझ व एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को सुदृढ़ करना था।

+ There are no comments
Add yours