रोडवेज बस की चपेट में आकर इंटर के छात्र की मौत
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के खुसरोबाग के समीप सोमवार सुबह रोडवेज बस की चपेट में आने से बारहवीं के छात्र मनीष कुमार की मौत हो गई। मनीष स्कूटी लेकर घर से पेट्रोप पंप पर तेल भरवाने के लिए निकला था। बस के चक्के में फंसकर करीब सौ मीटर तक घसीटता चला गया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। खुल्दाबाद पुलिस बस चालक को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस म्योर रोड निवासी राजमिस्त्री श्याम सिंह का बेटा 17 वर्षीय इंटरमीडिएट का छात्र था। उसका 25 फरवरी को रसायन विज्ञान का पेपर होना था। मनीष सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे घरवालों से कहकर निकला कि स्कूटी में पेट्रोल भरवाने जा रहा है।
मनीष डीएसए पुल के नीचे से निकलकर खुसरोबाग की ओर जा रहा था। तभी बांदा डिपो की रोडवेज बस की चपेट में आ गया। बस के चक्के में स्कूटी फंसकर करीब सौ मीटर तक घसीटते हुए चली गई। घटनास्थल पर पहुंची खुल्दाबाद पुलिस ने मनीष को कॉल्विन अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनीष की मौत से पिता श्याम सिंह, मां संगीता देवी, भाई सूरज, विशाल व नीरज और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। खुल्दाबाद थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours