कड़ी निगरानी में आयोजित हुई उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा

1 min read

कड़ी निगरानी में आयोजित हुई उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा

परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे अधिकारी, प्रयागराज जिले में बनाए गए 43 केंद्र

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। प्रयागराज में दरोगा भर्ती परीक्षा कड़ी निगरानी में हो रही है। परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जा रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से सायं पांच बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक बंदोबस्त रहा। कड़ी निगरानी और चेकिंग के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करने दिया जा रहा था। पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार, डीएम मनीष कुमार वर्मा, डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य समेत तमाम अधिकारियों ने कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर जायजा लिया।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीबीबी) के जरिए कुल 4,543 पदों पर नियुक्ति होनी है। परीक्षा के लिए 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 11 लाख 66 हजार 386 पुरुष और 4 लाख 9 हजार 374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल 1,090 केंद्रों पर हो रही है। सिर्फ सरकारी संस्थानों जैसे राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सरकारी डिग्री कॉलेज, विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक और सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रयागराज जिले में अकेले 43 केंद्र बनाए गए हैं।

रोडवेज की बसें फुल, ट्रेनों में उमड़ा छात्रों का सैलाब
 उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों का रेला उमड़ पड़ा है। शुक्रवार को परीक्षा के लिए दूसरे जिलों की ओर कूच करने वाले अभ्यर्थियों के कारण शहर के बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। खासकर विद्या वाहिनी मैदान पर बनाए गए अस्थायी बस स्टेशन पर शाम होते ही गहमागहमी इस कदर बढ़ी कि व्यवस्थाएं छोटी पड़ गईं।
प्रयागराज से जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर जाने वालीं बसों में चढ़ने के लिए अभ्यर्थियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। कानपुर, अयोध्या और लखनऊ रूट की बसों का भी यही हाल रहा। बसें स्टैंड पर ही ठसाठस भर जा रही थीं।
ट्रेनों का हाल भी बसों से जुदा नहीं रहा। प्रयागराज जंक्शन और आसपास के छोटे स्टेशनों पर दूसरे जिलों से आए परीक्षार्थियों ने डेरा जमा लिया है। प्लेटफॉर्म से लेकर वेटिंग हॉल तक अभ्यर्थी अपनी किताबों और बैग के साथ लेटे नजर आए। डग्गामार वाहन संचालकों ने इसका फायदा उठाया और लोगों से मनमाना किराया वसूला।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours