अब तक डाकघरों में 3.02 लाख बेटियों के खोले गए खाते
नवरात्र में नारी शक्ति को सबल और आत्म निर्भर बना रहा है ‘समृद्ध सुकन्या-समृद्ध समाज’ अभियान
नवरात्र में बेटियों को उपहार में सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर कराएं कन्या पूजन
ओजस्वी किरण ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। नारी सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ और ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ जैसे अभियान अहम् भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में नवरात्र के दौरान बेटियों का सुकन्या समृद्धि खाता और महिलाओं का ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ खुलवाकर अच्छी पहल की जा सकती है। यह उन्हें आर्थिक व सामाजिक दोनों रूप में सशक्त बनाएगा।
सरकार द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत शुरू किए गए ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा चलाए गए ‘समृद्ध सुकन्या समृद्ध समाज अभियान के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं।
शक्ति पर्व नवरात्र नारी-शक्ति की आराधना को समर्पित है। बेटियाँ और महिलाएँ सशक्त होंगी तो समाज भी सशक्त होगा। इसी क्रम में भारतीय डाक विभाग ने ‘समृद्ध सुकन्या-समृद्ध समाज’ एवं ‘समृद्ध नारी-समृद्ध समाज’ अभियान चलाया। प्रयागराज परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव बताते हैं कि प्रयागराज रीजन के 7 जिलों प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, मीरजापुर, सोनभद्र में यह अभियान चलाया जा रहा है।
1 अप्रैल, 2023 से आरंभ इस योजना में प्रयागराज परिक्षेत्र में साढ़े पाँच हजार से अधिक महिलाओं ने लगभग 48.92 करोड़ रूपये का निवेश किया है। वहीं ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ को मूर्त रूप देते हुए प्रयागराज परिक्षेत्र में अब तक कुल 3.12 लाख बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें गत वित्तीय वर्ष में लगभग 30 हजार बेटियों ने सुकन्या खाते खुलवाए।

77 गांवों को “सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम” में किया गया तब्दील
सरकार के सहयोग से नवरात्र में इस पहल को और विस्तार दिया गया है। योजना शहरी क्षेत्र तक ही सीमित न रहे, ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को भी इसकी मदद मिल सके इसके लिए “सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम “भी बनाए गए हैं। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि अब तक 77 गांवों को संपूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम में आच्छादित किया जा चुका है।
सुकन्या समृद्धि योजना के तहत मात्र ₹250 से 10 वर्ष तक की बेटियों का खाता डाकघर में खुलवाया जा सकता है। इसमें 8.2 % ब्याज है, जो कि किसी भी लघु बचत योजना से अधिक है। यह खाता बेटियों की पढ़ाई एवं शादी के लिए एक वरदान की तरह है। आयकर की धारा 80 सी के तहत आयकर में डेढ़ लाख तक की छूट का भी प्रावधान इस खाते में है। सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने के लिए बिटिया के आधार की प्रति और उसके माता या पिता के आधार कार्ड की प्रति एवं दो फोटो के साथ नजदीकी डाकघर में संपर्क किया जा सकता है।

+ There are no comments
Add yours