महाकुंभ के पहले नहीं टूटेगा हाईकोर्ट पानी टंकी का आरओबी
ओजस्वी किरण ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। हाई कोर्ट पानी की टंकी का रेलवे ओवर ब्रिज कुंभ मेला के पहले नहीं तोड़ा जाएगा। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता और विभागाध्यक्ष विनोद कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को हाईकोर्ट पानी की टंकी के पास लीडर रोड पर बने रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। जर्जर हो चुके इस पर पुलिस पीडब्लूडी ने 12 फरवरी 2024 से आवागमन बंद करवा दिया है। गार्डर लगाकर बड़े वाहनों को रोक दिया गया है। इस जर्जर पुल पर सिर्फ बाइक और साइकिल के अलावा पैदल चलने वालों को छूट दी गई है।
करीब पचास साल पुराना यह रेलवे ओवरब्रिज काफी हद तक जर्जर हो चुका है। इसको देखते हुए कुंभ 2019 के मद्देनजर इसके बराबर एक दूसरा पुल बनाया गया था। इसके बाद एक पुल जाने के लिए और दूसरा पुल आने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। पुराने पुल की हालत को जर्जर देखते हुए और जान माल का नुकसान न हो इसके लिए इस पर बड़े वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है।
दर्जन भर से अधिक अधिकारियों के साथ पहुंचे प्रमुख अभियांता एवं विभागाध्यक्ष वीके श्रीवास्तव ने करीब घंटे भर निरीक्षण कर पुल का जायजा लिया। इस दौरान प्रमुख अभियंता ने कहा कि विभाग की पहली प्राथमिकता लोगों के जान की सुरक्षा है। पुल से किसी तरह के जान माल का नुकसान न हो इसके लिए फिलहाल बड़े वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि रही बात आरओबी को ध्वस्त करने की तो इसे महाकुंभ के पहले गिराने की कोई योजना नहीं है। विभाग अब पुल की मरम्मत की संभावना तलाश कर रहा है। इसके लिएनरीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद प्लान तैयार कर इसको मरम्मत कराने पर विचार किया जाएगा। फिलहाल आरओबी बहुत पुराना है और काफी हद तक जर्जर भी हो चुका है। किस तरह से इसे बिना ध्वस्त किए मजबूती प्रदान की जाए इस पर अमल किया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours