वैश्विक व्यापार के महाकुंभ (इन्टरनेशनल ट्रेड शो) में दीदियों के उत्पादों के व्यापार के मामले में भी ग्लोबल पहचान मिलेगी : केशव प्रसाद मौर्य
ओजस्वी किरण ब्यूरो
लखनऊ। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेन्टर एवं मार्ट में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो में उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा भी प्रतिभाग किया जा रहा है। ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सभी 75 जनपदों में गठित समूहों के द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है ।इन समूह के द्वारा बनाए गए उत्पादों का प्रदर्शन एवं उसका विपणन भी इस ट्रेड शो में किया जा रहा है जो कि 25 से 29 सितंबर, 2024 तक चलता रहेगा। आजीविका मिशन के स्टालों पर पर भारी भीड़ रही।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि इस ट्रेड शो में आने वाले समूह की दीदियों को उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों के विपणन हेतु एक बहुत अच्छा अवसर होगा एवं उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों को एक अच्छा बाजार मिलने की भी संभावना बढ़ेगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा है कि इससे
दीदियों के उत्पादों के व्यापार व सम्भावनाओं के मामले में ग्लोबल पहचान मिलेगी। देश, दुनिया के सामने उत्तर प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के हुनर को प्रदर्शित किया जा रहा है।
मिशन निदेशक, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन उत्तर प्रदेश दीपा रंजन एवं संयुक्त मिशन निदेशक जनमेजय शुक्ला द्वारा सभी स्टालों का भ्रमण करते हुए समूहों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों के संबंध में समूह की दीदियों से चर्चा की गई।

+ There are no comments
Add yours