फतेहपुर में किसान नेता पप्पू सिंह, बेटे और भाई की दिनदहाड़े हत्या

1 min read

फतेहपुर में किसान नेता पप्पू सिंह, बेटे और भाई की दिनदहाड़े हत्या

ट्रैक्टर-बाइक विवाद ने ली तीन जानें, गांव में बवाल और सड़कों पर जाम

ओजस्वी किरण ब्यूरो 

फतेहपुर। जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के अखरी गांव में मंगलवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब मामूली रास्ते के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला उपाध्यक्ष पप्पू सिंह (50), उनके बेटे अभय सिंह (22) और भाई पिंकू सिंह (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव चरम पर है और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण व किसान यूनियन के लोग सड़कों पर उतर आए हैं।

पूरा मामला यह है कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पूर्व प्रधान सुरेश कुमार उर्फ मुन्नू सिंह और भाकियू नेता पप्पू सिंह के बीच ट्रैक्टर को रास्ते से हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों के बाद हथियार निकल आए और सुरेश सिंह के परिवार की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 20-25 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें पप्पू सिंह, उनके बेटे और भाई की मौके पर ही मौत हो गई।

गांव वालों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से प्रधानी चुनाव को लेकर रंजिश चल रही थी। मौजूदा चुनाव में पप्पू सिंह की मां ने सुरेश सिंह के परिवार को हराकर प्रधान पद जीता था। यही बात दोनों पक्षों में तनातनी की वजह बनी हुई थी, जो अब तीन लोगों की जान ले चुकी है।

हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में किसान यूनियन और गांव के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक आरोपियों के घर पर बुलडोजर नहीं चलाया जाएगा, वे सड़क से नहीं हटेंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि सुरेश सिंह के परिवार ने पहले भी तीन हत्याएं की हैं और अब फिर तीन लोगों की जान ले ली। उनका कहना है कि पूरे परिवार को नेस्तनाबूद किया जाना चाहिए।

एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि मृतकों की मां की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पूर्व प्रधान सुरेश कुमार और उनके बेटों को नामजद किया गया है। एडीजी प्रयागराज भानु भास्कर ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं। अब तक तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है। पीएसी तैनात कर दी गई है और शवों का पोस्टमॉर्टम वीडियोग्राफी के साथ कराया जा रहा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours