ज्वैलर्स की पिटाई कर लाइसेंसी रिवाल्वर और गहने लूटे,200 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी भी ले गए
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र में घर लौट रहे ज्वैलर्स से बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीछे से आए 3 बदमाशों ने ज्वैलर्स को रोककर हेलमेट निकाला और 10 मिनट तक पिटते रहे। इसके बाद लाइसेंसी रिवॉल्वर और बैग लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को पीड़ित ने 45 हजार रुपए कैश लूटने की बात बताई। बाद में भाई ने आरोप लगाया कि बदमाश 46 लाख का माल ले गए हैं। इसमें 200 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी और एक लाख कैश था। घायल ज्वेलर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदीप कुमार सोनी की मांडा के चिलबिला बाजार में ज्वैलरी की शॉप है। वह भारतगंज वार्ड नंबर 3 में रहते हैं। पीड़ित के भाई रंजीत सोनी ने बताया- दोनों भाई चिलबिला बाजार में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। प्रदीप छोटे भाई हैं। रोज की तरह मंगलवार शाम करीब 6 बजकर 40 मिनट पर दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
चक डीहा गांव के पंचायत भवन के सामने पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार 3 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक बदमाश ने तमंचा निकाल किया। इसके बाद प्रदीप का हेलमेट निकलवाया और मारपीट करने लगे। करीब 10 मिनट तक लात घूसों से पीटते रहे।
फिर सिर तमंचे के बट से हमला कर दिया। इसके बाद ज्वैलर्स प्रदीप खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग गए।
घटना के बाद घायल ज्वेलर ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही उनके भाई और अन्य परिचित मौके पर पहुंचे। लूट की सूचना पर मांडा पुलिस और मेजा एसीपी भी पहुंचे। पुलिस ने घंटों तक छानबीन की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। वहीं खून से लथपथ ज्वैलर्स को नजदीक के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

+ There are no comments
Add yours