​कड़वी चुस्की और मीठा भ्रम : आधुनिक कैफे संस्कृति और कॉफी के पीछे की कड़वी हकीकत

1 min read

​कड़वी चुस्की और मीठा भ्रम : आधुनिक कैफे संस्कृति और कॉफी के पीछे की कड़वी हकीकत

​लेखक : नागेन्द्र सिंह

​जब भी शहर की किसी पॉश गली के कांच से घिरे आधुनिक कैफे में बमुश्किल बीस सेकेंड के भीतर तैयार होने वाली स्पेशल दूध वाली कॉफी का कप मेज पर आता है, तो वह केवल एक पेय नहीं बल्कि आज की कारपोरेट दुनिया का एक नया स्टेटस सिंबल बन चुका है। आज की युवा पीढ़ी और कारोबारी वर्ग के लिए दिन की शुरुआत से लेकर रात की अहम बिजनेस डील तक, सब कुछ इसी महकती हुई कैफीन के इर्द-गिर्द घूमता है।

‘वर्क फ्रॉम कैफे’ का चलन हो या फिर लैपटॉप की स्क्रीन पर आंखें गड़ाए घंटों बैठकर काम करने की मजबूरी, कॉफी आज के शहरी जीवन की जीवनरेखा बन चुकी है। लेकिन क्या कभी हमने इस बात की गहराई में जाने की कोशिश की है कि जिस कप की गर्म चुस्की के साथ हम अपनी सुबह का आगाज करते हैं, उसकी कीमत सिर्फ पैसों में नहीं बल्कि सुदूर पहाड़ों और जंगलों में पसीना बहाने वाले उन अनाम किसानों के खून-पसीने से भी चुकाई जाती है, जिन्हें इस वैश्विक व्यापार की चकाचौंध में शायद ही कभी उनका वाजिब हिस्सा मिल पाता हो।

​पारंपरिक जीवनशैली से निकलकर जब हम इस अति-आधुनिक और भागदौड़ भरी कॉर्पोरेट संस्कृति में प्रवेश करते हैं, तो हमारे संवाद भी अब फाइबर और कप की सीमाओं में सिमट कर रह गए हैं। कभी चौपालों और घरों की बैठकों में चाय की प्याली पर होने वाली लंबी वैचारिक बहसें और अपनेपन की गर्माहट अब एयरकंडीशन्ड कमरों और मखमली सोफे वाले कैफे में बदल चुकी है, जहां इंसान के सामने स्क्रीन तो खुली होती है लेकिन पास बैठे अपने ही साथी से संवाद का दायरा सिमट जाता है।

कॉफी संस्कृति ने युवाओं को एक तरफ जहां आधुनिकता का भ्रम दिया है, वहीं दूसरी तरफ उन्हें एक ऐसे अकेलेपन और यांत्रिक जीवन में धकेल दिया है जहां हर व्यक्ति अपनी रफ्तार से भाग रहा है। यह सिर्फ खानपान की आदत बदलने भर का मामला नहीं है, बल्कि यह उस मानसिकता का परिणाम है जो धीरे-धीरे हमारे सामाजिक ताने-बाने को और अधिक व्यक्तिवादी, आत्म केंद्रित और दिखावे की तरफ मोड़ रही है, जहाँ रिश्तों की गर्माहट से ज्यादा कैफीन की गर्मी को प्राथमिकता दी जाने लगी है।

​इस चमक-धमक के ठीक उलट यदि हम वैश्विक अर्थव्यवस्था के पन्नों को पलटकर देखें, तो कॉफी के कारोबार का एक बेहद वीभत्स और शोषक चेहरा सामने आता है। करोड़ों-अरबों डॉलर की इस चकाचौंध भरी इंडस्ट्री में जो सबसे बड़ा उत्पादक वर्ग है—यानी वे किसान जो दक्षिण भारत के पहाड़ी ढलानों, कर्नाटक के जंगलों या दुनिया के अन्य उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में दिन-रात मिट्टी से जूझते हैं—वे आज भी बिचौलियों और बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों के शोषण का शिकार हो रहे हैं।

एक तरफ शहरी उपभोक्ता एक कप कॉफी के लिए भारी-भरकम कीमत चुकाने में ज़रा भी नहीं हिचकिचाता, तो दूसरी तरफ उस फसल को उगाने वाले किसान के हिस्से में अनिश्चितता, कर्ज और मौसम की मार के सिवा कुछ नहीं आता। जलवायु परिवर्तन का सबसे पहला और भीषण आघात इन्हीं कॉफी उत्पादक क्षेत्रों पर पड़ रहा है, जहां तापमान बढ़ने और बेमौसम बारिश से पूरी फसल बर्बाद हो रही है। ऐसे में यह सवाल बेहद लाजिमी हो जाता है कि क्या हमारी यह आधुनिक जीवनशैली टिकाऊ है, या फिर हम किसी ऐसे खोखले विकास के पीछे भाग रहे हैं जो ज़मीन और इंसान दोनों को अंदर से खोखला कर रहा है।

​आज के इस अंतरराष्ट्रीय कॉफी दिवस पर हमें सिर्फ कैफे की सूचियों और ब्रांड्स की होड़ से ऊपर उठकर इस पूरी व्यवस्था का मूल्यांकन करना होगा। जब युवा पीढ़ी किसी स्टार्टअप की सफलता या कॉर्पोरेट टारगेट को पूरा करने का जश्न इसी कॉफी के साथ मनाती है, तो उन्हें इस बात का अहसास भी होना चाहिए कि इस कप के पीछे की पूरी सप्लाई चेन में न्याय और नैतिकता कितनी सुरक्षित है। यदि हम सचमुच एक संवेदनशील और जागरूक समाज का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो हमें अपनी उपभोगवादी आदतों के साथ-साथ उन अदृश्य हाथों के प्रति भी जवाबदेह होना पड़ेगा जो इस दुनिया को महकाने के लिए खुद को खपा रहे हैं। कॉर्पेारेट सफलता और आधुनिकता की इस अंधी दौड़ में हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि तकनीक और कैफीन चाहे जितनी ऊर्जा दे दें, लेकिन इंसानी संवेदनाओं और धरती के प्राकृतिक संतुलन की कीमत पर कोई भी प्रगति टिकाऊ नहीं हो सकती।

​कांच के इस कैफे में सिमटी हुई है हर उड़ान,
कप की इस गर्मी में खो सा गया पूरा जहान।
महकती इस कॉफी के पीछे का सच भी जान ऐ यार,
पसीना सींचता है जहां, वहां मिलती है बस थकान।
कीबोर्ड की टक-टक में जिंदगी कहीं गुम हुई,
दिखावे की इस दुनिया में हर रूह चुपचाप सहमी हुई।
लौट आइन इंसानी रिश्तों की उस पुरानी छांव की ओर,
यंत्रों के इस मेले में बस खोखली ही हर सुबह हुई।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours