दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में बुजुर्ग की मौत, बेटा घायल
ओजस्वी किरण ब्यूरो
प्रयागराज। पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बमरौली इलाके में बुधवार रात सड़क हादसे में 60 वर्षीय अमरनाथ पटेल की मौत हो गई। वह बेटे नीरज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। भगवतपुर मोड़ पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे में बाइक चला रहा बेटा नीरज भी घायल हुआ। बुजुर्ग अमरनाथ पीछे बैठे थे, जो बाइक अनियंत्रित होने पर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
उन्हें स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार सुबह उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। अमरनाथ पटेल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वे सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी कलावती और पुत्र नीरज का रो-रोकर बुरा हाल है।

+ There are no comments
Add yours