ग्राम प्रधान पर हमला, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा राइफल छीनी, 40-50 हमलावरों ने कार पर चलाए ईंट-पत्थर

1 min read

ग्राम प्रधान पर हमला, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा राइफल छीनी, 40-50 हमलावरों ने कार पर चलाए ईंट-पत्थर

ओजस्वी किरण संवाददाता

प्रयागराज। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मरदानपुर में शुक्रवार देर रात रात रास्ते से गाड़ी हटाने को लेकर जमकर विवाद हुआ। यहां शादी से लौट रहे ग्राम प्रधान सुशील यादव व उनके दो साथियों पर हमला कर दिया। गाड़ी पर ईंट-पत्थर चलाए और जमकर पिटाई करने के बाद लाइसेंस राइफल छीनकर भाग निकले। खबर लिखे जाने तक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुशील पूरामुफ्ती के मरदानपुर गांव के प्रधान हैं। उन्होंने बताया, शुक्रवार रात वह पड़ोस के मीरपुर गांव में एक शादी में शामिल होने गए थे। साथ में उनके दो साथी मिथिलेश दिवाकर व अवधेश पासी थे। रात 11:30 बजे के करीब वह वापस लौटने लगे। जनका गांव के पास बीच रास्ते में ही डीजे वाहन और दर्जनों बाइकें खड़ी थीं। उन्होंने वाहन साइड करने को कहा तो वहां मौजूद कुछ लोग गालीगलौज करने लगे।

प्रधान ने बताया, गालीगलौज का विरोध करने पर युवकों ने शोर मचाकर अपने पक्ष के 40-50 लोगों को बुला लिया। इसके बाद सभी ईंट-पत्थर चलाने लगे। उन्होंने कार आगे बढ़ाई तो कार के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। इसके बाद वह और उनके साथी कार से नीचे उतरे तो उन्हें पीटना शुरू कर दिया। लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाए और ईंट से भी हमला किया। इसमें सभी चोटिल हो गए।

इसके बाद उनकी लाइसेंसी राइफल छीनकर चले गए। राइफल में मैगजीन थी जिसमें पांच कारतूस भी थे। हमलावरों में जनका गांव के ही रहने वाले 12 लोग थे, जिन्हें वह पहचानते हैं। इनमें से एक डीजे साउंड संचालक भी था। इसके अलावा अन्य अज्ञात लोग इस घटना में शामिल थे। प्रधान का कहना है कि रात में ही इस मामले की सूचना पूरामुफ्ती एसओ को दी गई लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्हें सुबह आने को कहा गया। सुबह 10 बजे वह फिर थाने पहुंचे लेकिन दोपहर तक एफआईआर नहीं दर्ज की गई।

इस मामले में पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि राइफल छीनने के आरोप गलत हैं। मौके पर गाड़ी हटाने की बात को लेकर विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसमें दूसरे पक्ष के एक युवक को भी गंभीर चोट पहुंची है। जांच पड़ताल कराई जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours