महिला कर्मियों ने किया ट्रेन संचालन एवं महिला कर्मचारियों का सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल में विशेष आयोजन
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में महिला सशक्तिकरण को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इसी क्रम के तहत ट्रेन संख्या 22308 (बीकानेर–हावड़ा एक्सप्रेस) का संचालन टूंडला जंक्शन से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक महिला स्टाफ द्वारा किया गया। ट्रेन संचालन के दौरान विभिन्न खंडों में महिला क्रू द्वारा जिम्मेदारी निभाई गई। टूंडला से कानपुर सेंट्रल तक लोको पायलट के रूप में सुश्री अर्चना कुमारी (मुख्यालय–टूंडला) ने ट्रेन का संचालन किया। वहीं ट्रेन मैनेजर के रूप में सुश्री ज्योत्स्ना शुक्ला (मुख्यालय–टूंडला) ने टूंडला से कानपुर सेंट्रल तक अपनी सेवाएं दीं। इसके पश्चात कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन तक सुश्री उपासना कुमारी, सुश्री काजल कुमारी तथा ट्रेन मैनेजर सुश्री आयशा जायसवाल (सभी मुख्यालय–कानपुर सेंट्रल) द्वारा दायित्वों का निर्वहन किया गया।
आगे प्रयागराज जंक्शन से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक सुश्री ममता यादव, सुश्री शेफाली श्रीवास्तव तथा ट्रेन मैनेजर सुश्री श्नेहलता (सभी मुख्यालय–प्रयागराज) ने दायित्व संभाला। महिला कर्मचारियों ने पूर्ण समर्पण, दक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ ट्रेन का संचालन किया।
इसी अवसर पर प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भी महिला कर्मचारियों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिचालन, वाणिज्य, आरपीएफ तथा स्वच्छता विभाग सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मियों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्टेशन निदेशक वी.के. द्विवेदी ने महिला कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन अधीक्षक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक तथा वाणिज्य निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours