कोचिंग जा रही 11वीं की छात्रा को ट्रक ने रौंदा
साइकिल के साथ 25 फीट तक घिसटती गई, मौके पर ही दर्दनाक मौत
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। फूलपुर के मैलहन गांव में कोचिंग जा रही 11 वीं की छात्रा को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। छात्रा साइकिल के साथ करीब 25 फीट दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कमर से ऊपर की बॉडी अलग-अलग हिस्सों में बंट गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भागने लगा तो लोगों ने बाइक से पीछा करके करीब 200 मीटर दूर जाकर पकड़ लिया। अपने को घिरता देखकर ड्राइवर ट्रक छोड़कर खेतों की ओर भागने लगा।
लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को भीड़ से छुड़ाया और थाने ले गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 4 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रैनी गांव के रहने वाले आनंद बहादुर यादव की बेटी प्राची आदर्श इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा है। प्राची आज शुक्रवार को सुबह साइकिल से मैलहन में कोचिंग पढ़ने जा रही थी। जैसे ही वह मैलहन के पास पहुंची तभी पीछे से आ रही ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद छात्रा के बैग और सामान वहीं सड़क पर ही बिखर गया। हादसे के बाद गुस्से में लोगों ने ट्रकों के शीशे तोड़ दिए। पहिए की हवा निकाल दी। यहीं नहीं लोगों ने ट्रक में लगे मैदे की करीब 20 से 25 बोरियां उतार लीं और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
हंगामे की सूचना पर एसीपी फूलपुर विवेक यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन परिवार और ग्रामीण डीएम को बुलाने पर अड़ रहे।
हादसे के बाद हंगामे की वीडियो बनाने पर लोगों ने 3 लोगों को पीट दिया। माहौल तनावपूर्ण बन गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे फूलपुर चेयरमैन अमरनाथ यादव ने लोगों को समझाया। काफी मान-मनौव्वल के बाद लोग माने। थोड़ी देर बाद सपा विधायक विजमा यादव भी पहुंच गईं।
प्राची के पिता आनंद बहादुर की तहरीर पर आरोपी ट्रक ड्राइवर इंद्रजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक पुलिस हिरासत में है।

+ There are no comments
Add yours