बेटे के सामने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या,पहले गला दबाया, फिर हथियार से मारा, आरोपी गिरफ्तार
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। सराय इनायत थाना क्षेत्र के वारी ग्रामसभा के पट्टी छींट गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति ने धारदार हथियार से बेटे के सामने ही पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सराय इनायत थाना क्षेत्र के गांव पट्टी छीट गांव में शैलेश कुमार पत्नी संगीता के साथ रहता था। दोनों की 13 साल पहले शादी हुई थी। उसके दो बेटे शिवम (12 वर्ष) और सिद्धार्थ (6 वर्ष) हैं। संगीता देवी फूलपुर के शेखपुर मोहल्ले की रहने वाली थी और तीन बहनों में सबसे छोटी थी। मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ा तो पति ने पहले पत्नी का गला दबाया। इसके बाद धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। कमरे में चारों ओर खून के छींटे बिखर गए।
मम्मी-पापा की आवाज सुनकर कमरे में सो रहे बच्चे जाग गए। बच्चों ने देखा कि पापा मम्मी का गला दबा रहे थे। दोनों बच्चे चिल्लाए तो पिता ने उन्हें डांटकर चुप करा दिया और सुला दिया।
आज बुधवार सुबह करीब 5 बजे पड़ोसन अनुपमा राव खेत में काम के लिए संगीता को बुलाने पहुंची। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई बाहर नहीं निकला। कुछ देर बाद बच्चे रोते-चिल्लाते हुए घर से बाहर आए। अनुपमा अंदर गईं तो देखा संगीता जमीन पर पड़ी थी। उसके सिर पर चोट के निशान थे और जीभ बाहर निकली थी।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही 112 पुलिस और सराय इनायत थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुणावत ने बताया कि पुलिस टीम, डॉग स्क्वॉड और फील्ड यूनिट ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी पति शैलेश कुमार के खिलाफ सराय इनायत थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours