टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी
ओजस्वी किरण ब्यूरो
प्रयागराज। चंद्रशेखर आजाद पार्क में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के समक्ष वैचारिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता लागू किए जाने का सभी उपस्थित शिक्षकों ने पुरजोर विरोध करते हुए आक्रोश व्यक्त किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि यह निर्णय शिक्षकों के साथ अन्यायपूर्ण एवं अव्यवहारिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर शिक्षकों को परेशान कर रही है। पहले पुरानी पेंशन समाप्त की गई और अब टीईटी अनिवार्यता लागू कर शिक्षकों पर अतिरिक्त दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार संवेदनशील होती तो ऐसे नियमों को तत्काल निरस्त करती।
डॉ. सिंह ने बताया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु उच्च अधिकारियों से शीघ्र वार्ता की जाएगी। साथ ही, अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के बैनर तले 13 अप्रैल 2026 को प्रत्येक जनपद में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। प्रयागराज में यह जुलूस डायट से सुभाष चौराहे तक प्रस्तावित है, जिसके बाद लखनऊ में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours