प्रयागराज जंक्शन पर एटीवीएम से निकला फर्जी टिकट, विजिलेंस टीम ने मारा छापा

1 min read

प्रयागराज जंक्शन पर एटीवीएम से निकला फर्जी टिकट, विजिलेंस टीम ने मारा छापा

क्लोन या फर्जी टिकट निकालकर रेलवे के राजस्व को चूना लगाने की आशंका जताई

 ओजस्वी किरण ब्यूरो 

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण केंद्र प्रयागराज जंक्शन पर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रेलवे विजिलेंस (सतर्कता विभाग) की टीम ने टिकट बिक्री में एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करने के लिए औचक छापेमारी की। जहां से आटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) से ‘क्लोन’ या फर्जी टिकट निकालकर रेलवे के राजस्व को चूना लगाने की आशंका जताई जा रही है।

विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर सीनियर डीसीएम समेत वाणिज्य विभाग के तमाम बड़े अधिकारी डटे रहे। बताया जा रहा है कि टीम को सूचना मिली थी कि जंक्शन पर लगी किसी एटीवीएम मशीन के जरिए छेड़छाड़ कर टिकट निकाले जा रहे हैं। जांच के दौरान टीम के हाथ एक ऐसा टिकट लगा है, जिसे ‘नकली’ बताया जा रहा है। इस टिकट के डेटा और सुरक्षा मानकों में चालाकी से बदलाव किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए टिकट में डिजिटल हेराफेरी के पुख्ता संकेत मिले हैं। विजिलेंस अधिकारी फिलहाल इस बात की गहराई से पड़ताल कर रहे हैं कि क्या सिस्टम को हैक किया गया है या फिर इसमें किसी विभागीय कर्मचारी या निजी वेंडर की मिलीभगत है। विजिलेंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हम साक्ष्य जुटा रहे हैं। तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह खेल कितने समय से चल रहा था।

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विजिलेंस टीम जंक्शन पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच में तथ्य सामने आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किस विशिष्ट एटीवीएम मशीन से यह फर्जीवाड़ा हुआ है‌।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours