काल्विन अस्पताल के डॉक्टर को घेरकर लात-घूसे मारे,मुकदमा दर्ज, एक हिरासत में 

1 min read

काल्विन अस्पताल के डॉक्टर को घेरकर लात-घूसे मारे,मुकदमा दर्ज, एक हिरासत में 

ओजस्वी किरण ब्यूरों 

प्रयागराज। काल्विन मंडलीय अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर को दिनदहाड़े घेरकर बदमाशों ने लात-घूसे बरसाए। डंडे से भी चोट पहुंचाई। शिकायत के बावजूद डॉक्टर को टरकाया जाता रहा। वह लगातार चक्कर काटते रहे तब जाकर 11 दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि डॉक्टर खुद पहले एफआईआर नहीं दर्ज कराना चाहते थे। एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित डॉक्टर मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सर्जरी डिपार्टमेंट में जूनियर रेजीडेंट हैं। उनकी ड्यूटी इन दिनों मोती लाल नेहरू मंडलीय अस्पताल (कॉल्विन) में चल रही है जहां वह तीन महीने के प्रशिक्षण पर हैं। उन्होंने बताया कि बीती 14 मार्च को वह ओपीडी खत्म करने के बाद दोपहर में अपने कमरे पर वापस जाने के लिए अस्पताल से निकले। एमडीआई अस्पताल के सामने पानी की बोतल खरीदने के लिए वह एक दुकान पर रुके।

अभी वह पानी खरीद ही रहे थे कि तभी वहां दो बाइक पर सवार होकर पांच लड़के आए। उनमें से एक युवक ने उन्हें बाहर खींच लिया और गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। घेरकर लात-घूंसे बरसाए। साथ ही बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। वह छोड़ने की गुहार लगाते रहे लेकिन हमलावर उन्हें पीटते रहे। जब राहगीरों की भीड़ जुटने लगी तो हमलावर धमकाते हुए भाग निकले। जाते-जाते धमकी भी दी कि पुलिस में गए तो जान से मार देंगे। उन्होंने इस घटना की सूचना अपने सीनियर डॉक्टरों को दी और इसके बाद उसी दिन शाहगंज थाने में तहरीर दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पानी बेचने वाले समेत आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाया, जिसमें हमलावर नजर भी आए। डॉक्टर ने उसी दिन तहरीर भी दी। डॉक्टर का कहना है कि इसके बाद वह लगातार कार्रवाई की गुहार लगाते रहे। तब जाकर 11 दिन बाद 25 मार्च को रिपोर्ट दर्ज की।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours