राकेश टिकैत की गिरफ्तारी की सूचना पर घूरपुर थाने पर प्रदर्शन

1 min read

राकेश टिकैत की गिरफ्तारी की सूचना पर घूरपुर थाने पर प्रदर्शन

ओजस्वी किरण संवाददाता

प्रयागराज। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही प्रयागराज में संगठन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इस सूचना के बाद युवा प्रदेश अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश) अनुज सिंह के निर्देशानुसार प्रयागराज के घूरपुर थाना परिसर में वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं युवा कार्यकर्ताओं ने तत्काल घेराव कर आपातकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाकियू से जुड़े कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा राकेश टिकैत की गिरफ्तारी को किसान विरोधी कदम बताते हुए तत्काल रिहाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसानों की आवाज को दबाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह के नेतृत्व में शुरू हुआ यह धरना-प्रदर्शन लगातार पांच घंटे तक चलता रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाने के मुख्य द्वार पर बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए थाना क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा, हालांकि प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

धरने के दौरान पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए कहा कि भाकियू हमेशा से किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि राकेश टिकैत को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से वार्ता की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।

हालांकि भाकियू नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल एक चेतावनी है और यदि भविष्य में किसानों के हितों के खिलाफ कोई भी कदम उठाया गया, तो संगठन सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours