पेड़ से लटका मिला किसान का शव,परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, 5 लोगों के खिलाफ दी तहरीर
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। उतरांव थाना क्षेत्र के सदरेपुर सराय इस्माइल गांव में 40 वर्षीय किसान चन्द्रभान कुशवाहा का शव आम के पेड़ से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चन्द्रभान रोज की तरह खाना खाने के बाद घर से करीब 200 मीटर दूर अपने नलकूप पर सोने गए थे। देर रात उनके बड़े भाई रमाशंकर जब भूसा भरने निकले, तो उन्हें पेड़ के नीचे टॉर्च और चप्पल दिखाई दी। पास जाकर देखने पर चन्द्रभान का शव बेल्ट और चेन के सहारे पेड़ से लटका हुआ मिला।
परिजनों ने शव को पेड़ से उतारकर सहसों के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक चन्द्रभान कुशवाहा अपने पीछे पत्नी विद्या देवी और दो बेटे अभय (19) व अभिषेक (18) छोड़ गए हैं। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पत्नी विद्या देवी और माता इंद्रा देवी का आरोप है कि उनका पड़ोस की पूर्व प्रधान से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले इसी विवाद में पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए उनके परिवार की दो महिलाओं को शांति भंग के आरोप में चालान किया था और उन्हें थाने में बैठाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि चन्द्रभान की हत्या कर उनके शव को फांसी पर लटकाया गया है। इस संबंध में मृतक की पत्नी ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। मौके पर एसीपी हंडिया शेष धर पांडे ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

+ There are no comments
Add yours