घर के पीछे मिला छात्रा का शव, गर्दन पर चोट के निशान परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, रात में शौच करने गई थी

1 min read

घर के पीछे मिला छात्रा का शव, गर्दन पर चोट के निशान परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, रात में शौच करने गई थी

ओजस्वी किरण ब्यूरों 

प्रयागराज। सोमवार को कौंधियारा थाना क्षेत्र के नचना गांव में 17 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के पीछे बने शौचालय के पास मिला। परिजनों का कहना है कि किशोरी शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस न आने पर परिजन बाहर निकले तो शौचालय के पास वह अचेत मिली। उसके गर्दन पर चोट के निशान थे। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार कौंधियारा थाना क्षेत्र के नचना गांव के रहने वाले अवनीश तिवारी की बेटी साक्षी तिवारी 12वीं की छात्रा थी। साक्षी दो भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर थी। उसके पिता और भाई मुंबई में नौकरी करते हैं। सोमवार रात करीब 11 बजे साक्षी शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं आई। जब घर के लोग बाहर निकले तो साक्षी शौचालय के पास अचेत अवस्था में पड़ी मिली। उसकी गर्दन पर चोट के निशान बने थे, जिससे घटना और भी संदिग्ध प्रतीत हो रही है। 

सबसे पहले साक्षी की मां संगीता ने उसे इस हालत में देखा और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पाकर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में किशोरी के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। वहीं, परिजन लगातार हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours