अपराध निरोधक समिति ने किया जादूगर जूनियर ओ.पी. शर्मा को सम्मानित
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति ने मंगलवार को मंडपम सभागार, प्रयागराज में 15 अप्रैल को विश्वविख्यात जादूगर जूनियर ओ.पी. शर्मा को भव्य समारोह में सम्मानित किया। उन्हें अद्वितीय जादू कला कौशल, सामाजिक जागरूकता में योगदान और विश्व स्तर पर 37,500 हाउसफुल शो का अभूतपूर्व कीर्तिमान स्थापित करने पर अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस मौके पर वाइस चेयरमैन डॉ. आर.एस. वर्मा (पूर्व आईएएस), वाइस चेयरमैन व महापौर प्रयागराज उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, सचिव संतोष कुमार श्रीवास्तव तथा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी युवा सम्राट जादूगर नागेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि जूनियर ओ.पी. शर्मा ने अपनी कला से देश-विदेश में भारत का नाम रोशन किया है। साथ ही सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वासों और नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर जनजागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य किया है।
समारोह में बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत मिश्रा, शोएब आलम, रेलवे प्रकोष्ठ प्रभारी बी.के. श्रीवास्तव, संजय उपाध्याय, संजय शुक्ला, अशोक सिंह, संदीप सोनी, अर्जुन सिंह, मोहम्मद अहमद, जावेद, राजेश खन्ना और राकेश कुमार निषाद सहित कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। सभी ने जादूगर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जादू शो 20 मार्च से मंडपम सभागार में चल रहा है और 19 अप्रैल तक चलेगा।

+ There are no comments
Add yours