छेड़खानी प्रकरण में कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने CM से लगाई न्याय की गुहार
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल से जुड़े छेड़खानी एवं उत्पीड़न प्रकरण में कार्रवाई न होने से नाराज पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि FIR दर्ज होने के कई दिन बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह भय और मानसिक तनाव में है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वह पूर्व में एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्य कर चुकी थी। बाद में पुनः नौकरी के लिए संपर्क करने पर अस्पताल से जुड़े एक चिकित्सक से उसकी बातचीत हुई। आरोप है कि इसी दौरान चिकित्सक ने उसका मोबाइल नंबर लिया और बाद में उसे अस्पताल के बाहर बुलाया। पीड़िता का कहना है कि उसे कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया तथा विरोध करने पर धमकी दी गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में ड्यूटी के दौरान उसे ऑपरेशन थिएटर में बुलाकर अभद्र व्यवहार और डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। पीड़िता का कहना है कि किसी तरह वह वहां से बाहर निकली और बाद में पुलिस से शिकायत की।
मामले में FIR दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई बड़ी कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से उस पर दबाव बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों में त्वरित और निष्पक्ष जांच आवश्यक है ताकि कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर लोगों का विश्वास बना रहे। फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है।

+ There are no comments
Add yours