सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन

1 min read

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन

सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि जब प्रतीक को अस्पताल लाया गया तो उनकी नब्ज पूरी तरह बंद हो चुकी थी

 ओजस्वी कारण ब्यूरो 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वे 38 साल के थे। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता के मुताबिक सुबह करीब 5 बजे प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद मेडिकल टीम उनके आवास पर भेजी गई। उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुबह 5:55 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक यादव को सुबह करीब 6 बजे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि जब प्रतीक को अस्पताल लाया गया तो उनकी नब्ज पूरी तरह बंद हो चुकी थी और हृदय ने काम करना बंद कर दिया था। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए प्रतीक यादव का शव पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव लंबे समय से फेफड़ों की समस्या से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। राजनीति से दूर रहे, फिटनेस और रियल एस्टेट में बनाई पहचान

प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वे अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। राजनीति से दूर रहकर प्रतीक ने फिटनेस और रियल एस्टेट के क्षेत्र में काम किया। वे लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम चलाते थे। नेताओं ने जताया शोक सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक जताते हुए कहा कि यह खबर “अत्यंत हृदय विदारक” है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेताओं ने संवेदना व्यक्त की। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भाजपा नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours